बाँदा में एक साथ 10 कोरोना पॉजिटिव मिलने से शहर में मचा हड़कंप

बाँदा में एक साथ 10 कोरोना पॉजिटिव मिलने से शहर में मचा हड़कंप



बाँदा  :  एक साथ  10 कोरोना पॉजिटिव निकलने से जनपद में हड़कंप मच गया है। इन दस पॉजिटिव में एक जनपद का चिकित्सक भी शामिल है। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 17 पहुंच गई है। हालांकि मिले दस पॉजिटिव में तीन चित्रकूट के रहने वाले हैं। हालांकि इनके बाहर से लौटने के कारण चित्रकूट जनपद संक्रमण मुक्त है। वहीं अब बाँदा जनपद के रेड जोन होने का खतरा मंडराने लगा है।
 
मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि 2 मई  को 38 लोगों के सैंपल भेजे गए थे। जिनमें 10 पॉजिटिव आये हैं। जिनमें 9 लोग पहले से ही मेडिकल कालेज में थे। वहीं अब तिंदवारी क्षेत्र के पॉजिटिव निकले डॉक्टर के साथ उनकी पत्नी व बेटे को भी मेडिकल कालेज ले आया गया है। सभी का इलाज चल रहा है। 
 
बुंदेलखंड में अब तक सबसे ज्यादा केस झांसी में थे। अब बाँदा में ज्यादा केस हो चुके हैं। आज आई रिपोर्ट में जो दस पॉजिटिव मिले हैं उनमें तीन चित्रकूट जनपद के हैं। लेकिन ये तीनों बाहर से लौटे थे और उन्हें बाँदा में क्वारन्टीन किया गया था। जिससे वह अपने गृह जनपद चित्रकूट नही  पहुंचे थे। जिससे फिलहाल चित्रकूट जनपद अभी महफ़ूज बना हुआ है।