इंदौर : मेडिकल टीम पर हमले का आरोपी जावेद निकला कोरोना पॉजिटिव

इंदौर : मेडिकल टीम पर हमले का आरोपी जावेद निकला कोरोना पॉजिटिव



मध्यप्रदेश के इंदौर के चंदन नगर इलाके में मेडिकल टीम में शामिल शासकीय कर्मचारियों पर हमले के मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत जबलपुर जेल भेजे गए चार आरोपियों में से एक जावेद का टेस्ट कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसे जिला अस्पताल लाया गया और उसे आइसोलेट किया गया है।


अब जेल में संक्रमण बढ़ने की आशंका बढ़ गई है और इंदौर से इसे लाने वाले पुलिसकर्मियों पर भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इससे संपर्क में आए सभी लोगों को आइसोलेट किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इंदौर के चंदन नगर में पुलिस पर पत्थरबाजी के आरोप में चार आरोपियों को रासुका में जबलपुर जेल शिफ्ट किया गया था। 


बीते दिनों शहर के चंदन नगर में पुलिसकर्मियों पर पत्थर चलाए जाने की घटना सामने आई थी और आरोपियों को पुलिस ने दबोचा लिया था।  कलेक्टर मनीष सिंह ने चंदन नगर में हुई घटना के चार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रासुका के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपियों को जबलपुर और सतना जेल भेजने के आदेश दिए गए थे।   


जिनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई हुई है, उनके नाम जावेद (25), इमरान खान (24), नासिर खां (58), सलीम खान (50) और समीर अनवर (22) हैं। ये आरोपी लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस के मना करने पर इन्होंने बदतमीजी की और पत्थरबाजी शुरू की थी। अब इन्हीं चार आरोपियों में से एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकला है।