प्राइवेट स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा ने मनचलों से परेशान होकर फांसी लगा ली

प्राइवेट स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा ने मनचलों से परेशान होकर फांसी लगा ली। उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर रस्सी के सहारे लटका मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना से सनसनी फैल गई है। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार युवक स्कूल आते जाते कई दिनों से परेशान कर रहे थे। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा भी है। उनसे पूछताछ की जा रही है।


घटना कस्बा घिरोर से जुड़ी है। नगर के एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा को कई दिनों से स्कॉर्पियो सवार युवक परेशान कर रहे थे। एक दिन पहले ही घिरोर पुलिस को इस मामले की शिकायत की गई थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को तड़के छात्रा का शव पंखे पर लटका मिला। खबर मिलते ही भीड़ जमा हो गई। मृतका के भाई का आरोप है कि पीड़िता ने उसे मनचलों की हरकत की जानकारी दी थी। इसकी शिकायत की गई थी। मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। घिरोर थाना प्रभारी आदित्य कुमार का कहना है कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ चल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।